वीवीआईपी ट्रीटमेंटः जेल में मसाज करा रहे केजरीवाल के मंत्री सत्येंद्र जैन! तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो, फिर गरमायेगी दिल्ली की सियासत
नई दिल्ली। आय से अधिक संपत्ति और मनी लांड्रिंग के मामले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन एक बार विवादों में आ गए हैं। जेल में मसाज कराते हुए उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की तरफ से पोस्ट किए गए एक वीडियो में सत्येंद्र जैन जेल में पैरों की मालिश करवाते हुए नजर आ रहे हैं। हांलाकि इस मामले में अब तक तिहाड़ जेल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन प्रवर्तन निदेशालय इस वीडियो को संबंधित कोर्ट में जमा करवाते हुए पूरे मामले की शिकायत की है। उधर वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली की राजनीति में भूचाल आना तय माना जा रहा है। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही जमकर हमलावर होंगीं। यह वीडियो 36 सेकेंड का है। इसमें सफेद टी-शर्ट पहने एक आदमी मंत्री के पैरों की मसाज कर रहा है। बेड पर लेटे हुए सत्येंद्र जैन कुछ पेपर देख रहे हैं। बिस्तर के पास रखी कुर्सी पर आराम तकिया या मनसद भी दिखाई दे रहा है। उनके बेड पर भी आर्थोपेडिक पिलो जैसा तकिया नजर आ रहा है। एक तकिये पर रिमोट पड़ा है। कमरे में मिनरल वाटर की बोतलें भी दिख रही हैं। गुजरात चुनाव में आप ईमानदारी को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बता रही है। भाजपा अब तक लगातार इसी पर चोट करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन इसका कोई ठोस सबूत सामने नहीं आ पा रहा था। जो भी आरोप भाजपा ने लगाए, आप ने उसी मजबूती से उन्हें खारिज किया और उलटा भाजपा पर आरोप गढ़ने का आरोप मढ़ दिया। इस वीडियो से आप की छवि को सीधे नुकसान पहुंचेगा, क्योंकि इसे नकारना आसान नहीं। इससे भाजपा के बाकी आरोपों को भी बल मिलेगा। खासकर 10 दिन बाद गुजरात में पहले चरण की वोटिंग है। इस बीच ये वीडियो आप के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।