मौसम का हालः पहाड़ों पर बर्फबारी ने मैदान में छुटाई कपकंपी! कश्मीर-हिमाचल में पारा शून्य से नीचे, चक्रवात मैंडूस के बाद दक्षिण के राज्यों में भी बदला मौसम
नई दिल्ली। मौसम में बदलाव के साथ ही पहाड़ों पर कड़ाके की ठण्ड पड़नी शुरू हो गई है। कश्मीर और हिमाचल समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में भी तामपान में खासी गिरावट आ गयी है। मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठण्डी हवाओं से लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं, हांलाकि मैदान में अभी कड़ाके की ठण्ड का असर देखने को नहीं मिल रहा है। दिल्ली की बात करें तो यहां अभी कड़ाके की सर्दी का इंतजार है। वहीं मुंबई में हल्की बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। बाकी मैदानी इलाकों की बात करें तो राजस्थान के चुरू में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी पारा गिरा है। चक्रवात मैंडूस के बाद दक्षिण के राज्यों में भी मौसम बदला है। कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कई जगह बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी जारी है। पारा लगातार गिरता जा रहा है, जिससे ठंड बढ़ गई है। अन्य राज्यों के पर्यटक यहां पहुंच कर मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से -3.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले हफ्ते से ठंड और बढ़ने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी के कारण पारा माइनस में बना हुआ है। सुबह के समय मैदानी इलाकों में धुंध देखने को मिल रही है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फबारी के कारण शोपियां को राजौरी और पुंछ से जोड़ने वाले मुगल रोड पर शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन यातायात बंद रहा। वहीं, जम्मू के नत्थाटॉप में भी हल्की बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है।