• Home
  • News
  • Weather's Double Whammy: Rain Forecast for 3 Districts of Uttarakhand; 'Yellow Alert' for Heatwave in Plains, Including Dehradun

मौसम का डबल अटैक: उत्तराखंड के 3 जिलों में बारिश के आसार,देहरादून समेत मैदानी इलाकों में 'हीट वेव' का येलो अलर्ट

editor
  • Tapas Vishwas
  • May 21, 2026 05:05 AM
Weather's Double Whammy: Rain Forecast for 3 Districts of Uttarakhand; 'Yellow Alert' for Heatwave in Plains, Including Dehradun

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर बड़ा करवट लेने जा रहा है। राज्य में एक तरफ जहाँ पहाड़ों के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं मैदानी और निचले इलाकों में चिलचिलाती गर्मी और 'उष्ण लहर' (हीट वेव) का भीषण प्रकोप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य के कई मैदानी जिलों में हीट वेव का 'येलो अलर्ट' जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आज राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे स्थानीय लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। इसके विपरीत, प्रदेश के अन्य सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, और ऊधमसिंह नगर के मैदानी व निचले इलाकों के साथ-साथ उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में कहीं-कहीं भीषण हीट वेव (लू) चलने की आशंका जताई गई है। राजधानी देहरादून की बात करें तो यहाँ आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में लू के थपेड़े परेशान कर सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दून का अधिकतम तापमान 40°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग द्वारा इस बार सामान्य से अधिक तापमान रहने के पूर्वानुमान के बाद उत्तराखंड का शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक विशेष स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हीट वेव से होने वाली बीमारियों (जैसे सनस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन) की रोकथाम और अस्पतालों में उनके प्रभावी प्रबंधन के कड़े निर्देश दिए गए हैं। ऊधमसिंह नगर में लगातार बढ़ते पारे और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कमर कस ली है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने जिले के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के संचालन समय (स्कूल टाइमिंग्स) में तुरंत बदलाव करने के निर्देश जारी किए हैं। बदलते मौसम को देखते हुए डॉक्टरों ने भी आम जनता को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, सूती कपड़े पहनने और लगातार पानी व तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।


संबंधित आलेख: