• Home
  • News
  • Wedding day tragedy: Bride hospitalized, groom arrives with wedding procession! A wedding ring is filled in the ICU, setting an example of true love.

शादी के दिन हादसाः अस्पताल में भर्ती दुल्हन, बारात लेकर पहुंचा दूल्हा! आईसीयू में भरी मांग, पेश की सच्चे रिश्ते की मिसाल

editor
  • Awaaz Desk
  • May 14, 2026 11:05 AM
Wedding day tragedy: Bride hospitalized, groom arrives with wedding procession! A wedding ring is filled in the ICU, setting an example of true love.

गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर जिले में एक ऐसा विवाह समारोह हुआ, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। यहां शादी वाले दिन हादसे का शिकार हुई दुल्हन का विवाह अस्पताल के आईसीयू में संपन्न कराया गया। दूल्हा बारात लेकर सीधे अस्पताल पहुंचा और डॉक्टरों की मौजूदगी में बेड पर लेटी दुल्हन की मांग में सिंदूर भरकर सात जन्मों का साथ निभाने का वचन दिया। ये दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो गया। मामला गोरखपुर के बांसगांव क्षेत्र के हटवार गांव का है, जहां की रहने वाली पूजा यादव की शादी महुआ गांव निवासी सन्नी यादव के साथ 13 मई 2026 को तय थी। दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे और घर में खुशियों का माहौल था। शादी वाले दिन सुबह पूजा यादव अपने भाई के साथ संतकबीरनगर एलएलबी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा देने गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में अचानक पूजा को चक्कर आ गया और वह बाइक से नीचे गिर गईं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें गोरखपुर के आर्यन हॉस्पिटल ले गए।

डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर लिया। इस हादसे से दोनों परिवारों की खुशियां अचानक चिंता में बदल गईं। दुल्हन के घायल होने की सूचना मिलते ही दूल्हा पक्ष भी अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टरों ने बताया कि पूजा खतरे से बाहर हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जा सकती। ऐसे में दोनों परिवारों ने साहसिक फैसला लेते हुए शादी की रस्में अस्पताल में ही पूरी करने का निर्णय लिया। रात करीब एक बजे दूल्हा सन्नी यादव पूरे पारंपरिक विवाह परिधान में अस्पताल पहुंचा। आईसीयू के बेड पर अस्पताल के कपड़ों में लेटी पूजा यादव की मांग में उन्होंने सिंदूर भरा। इस दौरान पंडित ने मंत्रोच्चार के साथ दोनों को सात वचन दिलाए और डॉक्टरों की मौजूदगी में विवाह की रस्म पूरी कराई गई। अस्पताल का माहौल इस भावुक पल का साक्षी बना रहा। सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा सन्नी वापस अपने गांव लौट गया, जहां शादी की अन्य पारंपरिक रस्में पूरी की गईं। इससे पहले शाम को वह बारात लेकर दुल्हन के गांव हटवार भी गया था, जहां द्वारपूजा और अन्य परंपराएं निभाई गई थीं। बताया जा रहा है कि सन्नी यादव ने स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और फिलहाल नौकरी की तैयारी कर रहे हैं। वहीं पूजा यादव एलएलबी की अंतिम सेमेस्टर की छात्रा हैं और आगे वकालत के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं। इस अनोखी शादी ने पूरे गोरखपुर में मिसाल कायम की है। 


संबंधित आलेख: