सर्दी का सितमः राजधानी में 5.5 डिग्री पहुंचा पारा! कई राज्यों में छाया कोहरा, यूपी में ट्रेक्टर पलटने से तीन की मौत
नई दिल्ली। नए साल का आगाज कड़ाके की ठण्ड के साथ हुआ। उत्तराखण्ड समेत देश के अधिकांश राज्यों में ठण्ड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी से तापमान में खासी गिरावट आ गयी है, वहीं मैदानी इलाकों में कोहरे ने ठिठुरन बढ़ा दी है। राजधानी दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 5.5 दर्ज किया गया। राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में घना कोहरा छाया रहा। उधर उत्तर प्रदेश के जालौन में धुंध की वजह से तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में तीन किसानों की मौत हो गई। वहीं देश के कई हिस्सों में विजिबिलिटी बेहद कम रही। रविवार को अंबाला, देहरादून, बरेली और वाराणसी में विजिबिलिटी 25 मीटर दर्ज की गई। जबकि चंडीगढ़, पटियाला, बहराइच, गया, पूर्णिया, कैलाशहर और अगरतला में यह 50 मीटर रही। राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.5 दर्ज किया गया। विजिबिलिटी भी बेहद कम रही। हालांकि शुक्रवार और शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 10.7 और 10.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मध्यप्रदेश के कई शहरों में रविवार को घना कोहरा छाया रहा। विदिशा में साल के पहले दिन की शुरुआत घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बीच हुई। यहां सुबह 10 बजे तक लोगों की आवाजाही कम देखने को मिली। उधर, उज्जैन में शीतलहर के साथ घना कोहरा देखने को मिला।