संसद में महिला आरक्षण विधेयक पर आज होगी बहस! सीतारमण-ईरानी रखेंगी सरकार का पक्ष
संसद से पारित होने और कानून की शक्ल लेने से पहले विधेयक को 50 फीसदी राज्यों की विधानसभाओं से मंजूरी की जरूरत होगी। संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण अनुच्छेद 368 के तहत ऐसा करना अनिवार्य हैै। संसद के विशेष सत्र के तीसरे दिन आज लोकसभा में 'नारी शक्ति वंदन विधेयक' पर लंबी चर्चा की जाएगी। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष विधेयक पर अपनी-अपनी राय रखेंगे। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कल लोकसभा में विधेयक पेश किया था। विधेयक पेश होते ही विपक्षी सांसदों ने हंगामा शुरू कर दिया था। संसद भवन में आज महिला आरक्षण बिल पर बहस की जाएगी। इसे देखते हुए कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी आज महिला आरक्षण विधेयक पर बहस करने के लिए कांग्रेस की मुख्य वक्ता होंगी। वहीं, लोकसभा में सरकार की ओर से चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, भारती पवार और अपराजिता सारंगी बोलेंगी और संसद में सरकार का पक्ष रखेंगी।