सिडकुल में श्रमिकों का फूटा गुस्सा! वेतन वृद्धि और श्रमिक सुविधाओं की मांग को लेकर महालक्ष्मी पॉली पैक कंपनी के गेट पर जोरदार प्रदर्शन, प्रबंधन पर शोषण के गंभीर आरोप
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के पंतनगर क्षेत्र स्थित सिडकुल में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा आंदोलन किया जा रहा है। सिडकुल के सेक्टर-9 स्थित महालक्ष्मी पॉली पैक प्राइवेट लिमिटेड प्लास्टिक कंपनी में सोमवार को वेतन वृद्धि और श्रमिक सुविधाओं को लेकर मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में श्रमिक कंपनी के मुख्य गेट पर एकत्र हुए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन लंबे समय से उनका आर्थिक और मानसिक शोषण कर रहा है तथा उनकी समस्याओं को सुनने के लिए तैयार नहीं है। प्रदर्शनकारी श्रमिकों का कहना है कि सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन और श्रमिक हितों से जुड़े नियमों का कंपनी में पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है। कई मजदूर पिछले 10 से 15 वर्षों से कंपनी में कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। मजदूर सुनील यादव ने आरोप लगाया कि छुट्टी लेने पर वेतन काट लिया जाता है, एक कर्मचारी से कई मशीनों पर काम कराया जाता है और मांग उठाने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। श्रमिकों ने यह भी आरोप लगाया कि वेतन का भुगतान पूरी तरह बैंक खाते में करने के बजाय आधा नकद और आधा खाते में दिया जाता है। पीएफ और ईएसआई से जुड़ी अनियमितताएं भी हैं। वहीं कंपनी के व्यवस्थापक नागेंद्र पांडे ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कंपनी सरकार द्वारा निर्धारित वेतनमान और श्रम कानूनों के अनुसार ही कर्मचारियों को भुगतान करती है। मामले की जानकारी मिलने के बाद लेबर इंस्पेक्टर अरविंद सैनी भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच की जाएगी और कंपनी प्रबंधन से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।