वाह पुलिसः प्रयागराज में एक दिन का ADG बना 12 साल का बच्चा! कैंसर से पीड़ित है मासूम, बेटे को कुर्सी पर बैठे देख भावुक हुए पिता
यूपी पुलिस एक बार फिर सुर्खियों में है, इस बार यहां की पुलिस अपने उस सराहनीय कार्य के लिए सुर्खियां बटोर रही हैं जिसमें एक 12 साल के कैंसर रोगी बच्चे को एक दिन का एडीजी बनाया गया। पुलिस के इस कार्य की चहुंओर सराहना हो रही है और बच्चे के माता-पिता ने पुलिस का आभार जताया है।

दरअसल यूपी के प्रयागराज निवासी संजय दुबे ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका 12 वर्षीय बेटा हर्ष दुबे को कैंसर की बीमारी है। एडीजी प्रेम प्रकाश ने कैंसर पीड़ित नाबालिग लड़के का मनोबल बढ़ाने के प्रयास में उसे एक दिन के लिए एडीजी बनाया। इस दौरान एडीजी प्रेम प्रकाश ने हर्ष को एक बॉडी किट भी उपहार में दिया। यहां दिलचस्प बात यह भी थी कि हर्ष ने एडीजी की कुर्सी पर बैठने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में पूछा और वहां मौजूद दस्तावेजों को भी खंगाला। इतना ही नहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने हर्ष को एडीजी बनाने पर सलामी भी दी। इस दौरान शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने ‘छोटे एडीजी’ के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

हर्ष के पिता संजय दुबे ने जब उन्होंने अपने बेटे हर्ष को एडीजी की कुर्सी पर बैठे देखा, तो उसके पिता संजय के पास अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं थे। संजय ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और उनके बेटे हर्ष का इलाज कर रही डॉक्टरों की टीम को अपने बेटे को इतनी अधिक पॉजिटिव वाइब्स देने के लिए धन्यवाद दिया है। बताया जाता है कि डॉक्टरों की टीम ने भी बच्चे को पूरी चिकित्सा सहायता देने और अपनी तरफ से सौ प्रतिशत प्रयास करने का आश्वासन दिया है।