उत्तराखंड में बर्फबारी का येलो अलर्ट! नए साल पर हिल स्टेशन कर रहे पर्यटकों का इंतजार
गर्मियां जा रही हैं। सर्दी ने दस्तक दे दी है. उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने तो उत्तराखंड में बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। उत्तराखंड में कई जनपदों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऐसे में अगर आप दिल्ली एनसीआर में रहते हैं तो अपने फेफड़ों को डिटॉक्स करने के लिए उत्तराखंड से बेहतर जगह नजदीक में नहीं हो सकती है। देश के दूसरे भागों में अगर आप रहते हैं तो उत्तराखंड की गुलाबी सर्दी और ताजा बर्फबारी का नजारा आपके अद्भुत लगेगा। सबसे पहले हम आपको उत्तराखंड के सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल नैनीताल के बारे में बताते हैं। नैनीताल को सरोवर नगरी भी कहते हैं। दरअसल नैनी झील नाम के सरोवर के चारों ओर नैनीताल शहर बसा है. इसके साथ ही नैनीताल के आसपास भी नौ झीलें या सरोवर हैं। नैनीताल कुमाऊं की पहाड़ियों के बीच स्थित है। नैनीताल की समुद्र तल से ऊंचाई 1938 मीटर यानी 6358 फीट है। नैनीताल की नैनी झील की खासियत ये है कि इसका आकार नाशपाती जैसा है. नैनीताल में साल के बारहों महीने ठंडक रहती है। लेकिन नवंबर दिसंबर और जनवरी फरवरी की ठंड और बर्फबारी यादगार होती है। नैनीताल के आसपास भी कई पर्यटक स्थल हैं जो प्रकृति प्रेमियों को सुकून देते हैं।