2027 फतह की तैयारी में जुटी युवा कांग्रेस: नैनीताल में पहली जिला कार्यकारिणी बैठक! हर बूथ पर 5 युवाओं को जोड़ने की रणनीति तैयार
नैनीताल। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह में आज युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक की अध्यक्षता में जिला युवा कांग्रेस कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपदभर से पहुंचे युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत रणनीति पर मंथन किया। बैठक के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, युवाओं को सक्रिय राजनीति में जोड़ने और प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया गया। युवा कांग्रेस नेतृत्व ने साफ किया कि आगामी चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक ढांचे को पूरी तरह सक्रिय किया जाएगा और युवाओं की बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि उत्तराखंड का युवा मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं की अनदेखी से बेहद नाराज है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसके खिलाफ युवा कांग्रेस अब सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस जल्द ही विधानसभा और ब्लॉक स्तर की इकाइयों का गठन करने जा रही है। यह इकाइयां प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर कम से कम 5 नए युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने का अभियान चलाएंगी। इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना और युवाओं की ताकत के दम पर 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में माहौल तैयार करना है।