मुजफ्फरपुर में बीच सड़क युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग: मामूली विवाद के बाद चली गोली, शराब कारोबार से भी जुड़ रहे तार
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बीच सड़क दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। जजुआर थाना क्षेत्र के बर्री पोखर स्थित दुर्गा स्थान के पास बाइक सवार एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक के पैर में गोली लगी है, जबकि एक गोली उसके सिर के बेहद करीब से निकल गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को शराब कारोबार से जोड़कर भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घायल युवक की पहचान जजुआर निवासी आशीष ठाकुर (21) के रूप में हुई है, जो विनोद ठाकुर का पुत्र है। गंभीर रूप से घायल आशीष को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही जजुआर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। घायल आशीष ने पुलिस को बताया कि वह बाइक से अपने एक मित्र के घर जा रहा था। बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। इसी दौरान उसने आगे चल रही एक बाइक को ओवरटेक किया, जिससे पानी के छींटे दूसरी बाइक पर सवार युवकों पर पड़ गए। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आशीष का कहना है कि उसने मौके पर ही माफी मांग ली और आगे बढ़ गया। आशीष के अनुसार, कुछ ही देर बाद एक नीले रंग की बाइक पर सवार दो अन्य युवक वहां पहुंचे और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली उसके सिर के पास से निकल गई, जबकि दूसरी गोली उसके पैर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक ने बताया कि वह करीब एक माह पहले ही मुंबई से अपने गांव लौटा था। उसके पिता भी मुंबई में रहकर काम करते हैं। उसने कहा कि हमलावरों को वह पहचानता नहीं है और न ही उनसे उसकी कोई पुरानी दुश्मनी थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय सूत्र इस वारदात के पीछे शराब कारोबार से जुड़े विवाद की भी आशंका जता रहे हैं, लेकिन पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। जजुआर थानाध्यक्ष रौशन कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल फायरिंग के पीछे की असली वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच जारी है।