नैनीताल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा! भारत माता की जय के नारों से गूंजा शहर, युवाओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस से पहले नैनीताल की वादियों में देश भक्ति की लहर दौड़ पड़ी। इस दौरान नैनीताल भाजपा मंडल द्वारा नगर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ चीना बाबा मंदिर से हुआ और यह पूरे जोश के साथ पंत पार्क पहुंची। तिरंगा यात्रा में नगर के विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। यात्रा के दौरान वंदे मातरम, भारत माता की जय और जय हिंद के नारे लगाए गए। इस मौके पर विधायक सरिता आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के कोने-कोने में देशभक्ति की अलख जगी है। तिरंगा यात्रा सिर्फ एक परंपरा नहीं, यह हर नागरिक को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराती है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य सिर्फ झंडा लेकर चलना नहीं। यह एक संदेश है, एक आह्वान है कि देश पहले है और हम सब एक हैं।