• Home
  • News
  • Chief Minister Naib Singh Saini dispatched 25 trucks of relief material for flood-affected Punjab and Himachal

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बाढ़ प्रभावित पंजाब व हिमाचल के लिए 25 ट्रक राहत सामग्री किए रवाना

  • Tapas Vishwas
  • September 07, 2025
Chief Minister Naib Singh Saini dispatched 25 trucks of relief material for flood-affected Punjab and Himachal

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय (पंचकमल), पंचकूला से बाढ़ प्रभावित पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लिए सहायता सामग्री से भरे 25 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 15 ट्रक पंजाब और 10 ट्रक हिमाचल प्रदेश भेजे गए। राहत सामग्री रवाना करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित राज्यों के लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के चलते पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कई गांव बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, जहां न केवल लोगों को बल्कि पशुधन को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में राहत और पुनर्वास का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के मार्गदर्शन में "सेवा ही संगठन" की भावना के तहत राहत कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में हरियाणा सरकार और भाजपा संगठन लगातार प्रभावित क्षेत्रों में सहायता पहुंचाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हरियाणा से ट्रकों के माध्यम से राहत सामग्री भेजी जा रही है। इसमें खाद्य सामग्री, दालें, आटा, चावल, चीनी, नमक जैसी जरूरी चीजों के साथ-साथ कंबल, त्रिपाल और अन्य आवश्यक सामान भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हरियाणा उनके साथ हर परिस्थिति में खड़ा है और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी कहा कि प्राकृतिक आपदा ऐसी स्थिति है जिसका सामना केवल सामूहिक प्रयासों से किया जा सकता है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपनी क्षमता के अनुसार सहायता कार्यों में योगदान दें ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। इस अवसर पर प्रदेश के कई वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


संबंधित आलेख: