गोल्डन गर्ल मनु भाकर पद्मश्री की दौड़ में शामिल! पेरिस ओलंपिक में बढ़ाया था भारत का मान

भीम अवॉर्डी, अर्जुन अवॉर्डी व खेल रत्न अवॉर्ड मेजर ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित होने वाली शूटिंग सनसनी व गोल्डन गर्ल मनु भाकर आवेदन कर पद्मश्री अवॉर्ड की दौड़ में शामिल हो गई हैं। मनु भाकर के पिता रामकिशन भाकर ने बताया कि मनु भाकर कजाकिस्तान में आयोजित होने वाली एशियन चैंपियनशिप में गई हैं, जो 30 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। इसके साथ ही मनु भाकर 2027-2028 में भारत में होने वाले निशानेबाजी के वर्ल्ड कप की तैयारी में जुटी हुई है।
आईएसएसएफ विश्व कप और जूनियर निशानेबाजी विश्व चैंपियनशिप की मेजबानी भारत करेगा। दोनों निशानेबाजी स्पर्धाओं का आयोजन नई दिल्ली में होगा। राइफल, पिस्टल और शॉट-गन खेलों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। फिलहाल मनु भाकर करणी शूटिंग रेंज में अभ्यास करती हैं। वर्तमान में मनु का फोकस शूटिंग वर्ल्ड कप पर है, जो 2027-28 में भारत में ही होगा। वह इसकी तैयारी में जुटी हैं। मनु भाकर की मां डॉक्टर सुमेधा भाकर ने कहा कि बेटी ने देश की शान में चार चांद लगाए हैं। मनु भाकर की उपलब्धियां को देखते हुए ये कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि उन्होंने हमेशा देश को गौरवान्वित करवाया है। फिलहाल मनु अपने अभ्यास पर इतना फोकस कर रही है कि खाना खाने का भी ध्यान नहीं रहता। मनु भाकर युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हुई हैं। मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक और सरबजोत सिंह के साथ 10 मीटर मिक्स्ड टीम में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह ओलंपिक निशानेबाजी में कोई भी मेडल जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी होने का भी रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। मनु को इसी साल 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खेल रत्न से सम्मानित किया था।