उत्तराखण्डः व्यापारी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल! 25 हजार रुपए से भरा पर्स महिला को लौटाया

चंपावत। लोहाघाट के खड़ी बाजार के कॉस्मेटिक व्यापारी नवीन उपाध्याय ने मंगलवार ईमानदारी की मिसाल पेश की है। व्यापारी नवीन उपाध्याय को आज घर से बाजार की ओर आते समय सड़क में गिरा हुआ पर्स दिखाई दिया। उपाध्याय ने पर्स अपने पास रख लिया तथा पर्स स्वामी की तलाश शुरू की। उपाध्याय ने बताया कि दुकान में आकर उन्होंने जब पर्स खोलकर देखा तो उसमें 25 हजार रुपए थे। लगभग एक घंटे के बाद पर्स स्वामी महिला का पता चल पाया। उपाध्याय ने महिला को दुकान में बुलाकर उन्हें पर्स वापस किया। पर्स पाकर परेशान महिला का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। महिला द्वारा व्यापारी नवीन उपाध्याय की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। पर्स स्वामी डैसली निवासी सुमन देवपा ने बताया कि वह मुंबई मे रहती हैं और शादी में शामिल होने लोहाघाट आई हैं। बताया कि मंगलवार को वह अपने साथियों के साथ लोहाघाट के बलाई गांव शादी में शामिल होने गई थी। वापसी में वाहन से उतरते वक्त उनके पर्स जिसमें 25 हजार रुपए थे सड़क में कहीं गिर गया। जिस कारण वह काफी परेशान थी। कहा कि व्यापारी नवीन उपाध्याय ने उनके पर्स को सकुशल वापस किया है जिसके लिए वह उनकी हमेशा आभारी रहेंगी। कहा कि पहाड़ों में अभी भी ईमानदारी जिंदा है। वहीं क्षेत्र में नवीन उपाध्याय की ईमानदारी की काफी सराहना हो रही है।