उत्तराखण्डः गंदगी से परेशान व्यापारियों ने घेरा रुद्रपुर नगर निगम! उपनगर आयुक्त से जताई नाराजगी, धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

रुद्रपुर। रुद्रपुर में खराब सफाई व्यवस्था से नाराज व्यापारियों ने नगर निगम पहुंचकर निगम की उपनगर आयुक्त शिप्रा जोशी का घेराव कर सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग की। व्यापार मण्डल अध्यक्ष संजय जुनेजा के साथ तमाम व्यापारी नगर निगम पहुंचे। उन्होंने उपनगर आयुक्त का घेराव कर बदहाल सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। व्यापारी नेताओं ने कहा कि लगभग एक सप्ताह पहले काशीपुर बाईपास मार्ग पर नाले की सफाई हुई थी, जिसमें नाले का कूड़ा निकालकर नाले के पास ही रख दिया गया। इतने दिन बीतने के बावजूद कूड़ा नहीं उठाया गया है। तेज हवावाों के कारण नाली का कूड़ा इधर-उधर फैल रहा है। कूड़े से आ रही दुर्गंध के कारण व्यापारियों और आम लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। गंदगी से बिमारियां फैलने की आशंका है। इसी तरह का हाल सिविल लाईन में भी है वहां पर भी नाले की सफाई न होने के कारण नालियों का पानी सड़क पर आ रहा है। व्यापारियों ने सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग की। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि अगर जल्द सफाई व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जाएगा तो नगर निगम रुद्रपुर में व्यापारियों के द्वारा धरना प्रदर्शन किया जाएगा।