नैनीतालः नव दुर्गा महोत्सव! नगर भ्रमण पर निकला मां दुर्गा का डोला, बंगाली और कुमाऊंनी संस्कृति का दिखा समागम

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित नव दुर्गा महोत्सव में दशमी के दिन विधिवत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। जिसके बाद मां दुर्गा का डोला नयना देवी मंदिर से नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। इस दौरान मुख्य पुजारी शुभ चक्रवर्ती ने प्रातः महादशमी पूजन किया। जिसके बाद दर्पण विर्सजन और देवी वरण अनुष्ठान हुए। जिसके बाद डोला नगर भ्रमण के लिए निकला। मां का डोला मुख्य बाजार से माल रोड होते हुए तल्लीताल पहुंचा। डोला भ्रमण के दौरान हजारों की तादात में भक्त मौजूद रहे। साथ ही भजन मंडली व छोलिया नृतकों ने बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया और स्कूली बच्चों की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। भ्रमण के दौरान बाजारों में लोगों ने घरों से अक्षत व फूल बरसाकर दुर्गा मां को नमन किया। महोत्सव में बंगाली और कुमाऊंनी संस्कृति का समागम देखने को मिला।