उत्तराखण्ड में हाहाकारः पौड़ी में नयार नदी ने लिया रौद्र रूप! पुल ढहने से कटा कई गांवों का संपर्क, लगातार बरस रही आसमानी आफत

पौड़ी। उत्तराखण्ड में बारिश लगातार कहर बरपा रही है। प्रदेश में कई जगहों पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। भूस्खलन के चलते जहां कई मार्ग अवरूद्ध हैं, वहीं नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच पौड़ी में भारी बारिश के चलते बुआखाल-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 121 पर कलगड़ी का पुल ढह गया। विकासखंड थलीसैंण और पाबौ को मुख्यालय पौड़ी से जोड़ने वाले एकमात्र पुल के ढह जाने से इन ब्लॉकों के कई गांवों का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। दिनभर जारी बारिश के चलते पश्चिमी नयार नदी ऊफान पर आ गई, जिससे पुल ढह गया। ग्रामीणों के मुताबिक यह एकमात्र पुल है जो कि दोनों विकासखंडों को मुख्यालय पौड़ी से जोड़ता है। ऐसे में पुल के ढह जाने से आने वाले दिनों में ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
इधर धराली में रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चल रहा है। सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राउण्ड जीरो पर उतरकर हालातों का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस बीच मौसम विभाग ने कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।